कोरोना का कहर: सेंसेक्स के भारी गिरावट से मेरठ में 300 करोड़ का नुकसान 

 


मेरठ। कोरोना वायरस के दहशत से पूरी दुनिया परेशान है। इस वायरस के डर से शेयर बाजार पूरी तरह से थरथरा रहा है। गुरुवार को शेयर बाजार के इतिहास में सबसे बड़ी गिरावट हुई। एक दिन में इतनी बड़ी गिरावट से निवेशकों का मनोबल टूट गया। शहर में शेयर बाजार में निवेश करने वाले निवेशकों का काफी नुकसान हुआ है। एक अनुमान के मुताबिक शहर में एक दिन में निवेशकों का 300 करोड़ का नुकसान हुआ है।


मेरठ में आफलाइन से लेकर आनलाइन माध्यम से निवेशक शेयर और म्युचुअल फंड में निवेश करते हैं। गुरुवार की गिरावट से सभी तरह के निवेशकों को नुकसान हुआ है। परंपरागत निवेश करने वाले लोग म्युचुअल फंड में गिरावट को देखकर बेचैन दिखे। दिन में सेंसेक्स तीन हजार अंक तक गिरा। 2919 अंक की गिरावट के साथ बाजार बंद हुआ। जो सेंसेक्स 42 हजार के करीब पहुंचा था, वह 32 हजार के करीब पहुंच गया। सेंसेक्स की गिरावट के बाद शहर के सभी निवेशकों का पोर्टफोलियों नीचे आ गया। घबराहट में आगे बाजार में गिरावट की आशंका को देखते हुए बहुत से निवेशक अपने शेयर बेच कर बाहर भी निकलने लगे हैं। शेयर खरीदने से लेकर म्युचुअल फंड खरीदने वाले निवेशकों को तगड़ा नुकसान हुआ है। कोरोना को लेकर जिस तरह से देश में और विदेश में स्थिति है। उसे देखते हुए बाजार में अभी और गिरावट की आशंका बनी हुई है। कुछ विशेषज्ञों ने शुक्रवार को सेंसेक्स में एक हजार अंक की गिरावट होने की आशंका जताई है।